-गुरू तेग बहादर साहिब के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली के गुरुद्वारा शीशगंज साहिब से यात्रा शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को दिल्ली के गुरुद्वारा शीशगंज साहिब से सीस दीआ पर सिररू न दीआ साइकिल यात्रा की शुरुआत हुई। इस यात्रा का उद्देश्य गुरु तेग बहादुर की शहादत और उनके योगदान को याद करना और समाज में धार्मिक पहचान, नशे, धर्मांतरण और फैशन परस्ती जैसे खतरों के बारे में जागरूकता फैलाना है। यह यात्रा गुरुद्वारा शीशगंज साहिब से शुरू होकर 20 नवंबर को गुरु तेग बहादुर साहिब की जन्म स्थली अमृतसर के गुरुद्वारा गुरु के महल में समाप्त होगी। यात्रा का आयोजन साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने किया है।
मनजीत सिंह ने यात्रा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मौजूदा समय में सिख समुदाय में धर्मांतरण, नशा और फैशन परस्ती की बढ़ती समस्या है। गुरु साहिबानों ने हमें शारीरिक तंदुरुस्ती, पर्यावरण संरक्षण और नशे से बचने का संदेश दिया था। उन्होंने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर भी चिंता जताई और कहा कि दिल्ली के मंत्री पंजाब के किसानों को दोषी ठहरा रहे हैं, जबकि उनका असली कारण अन्य कारखाने और प्रदूषण फैलाने वाले स्रोत हैं। इस यात्रा में शिरोमणी अकाली दल के नेता परमजीत सिंह सरना, वरिष्ठ वकील हरविंदर सिंह फुल्का और अन्य कई सिख नेता शामिल हुए और साइकिल चालकों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, जीके ने इस यात्रा में एक दिव्यांग सिख युवक द्वारा भाग लेने की सराहना की, जो बैटरी चालित व्हीलचेयर के साथ यात्रा में शामिल हुआ। इस अवसर पर दिल्ली कमेटी के कई सदस्य और सैकड़ों समर्थक भी उपस्थित थे। यात्रा के दौरान शारीरिक व्यायाम, स्वास्थ्य देखभाल और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का भी संदेश दिया गया।