पुलिस ने शकरपुर इलाके में हुई 20 लाख की लूट के मामले में शिकायतकर्ता समेत चार आरोपियों को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कूरियर ब्वाॅय ने 20 लाख के मोबाइल हड़पने के लिए लूट की झूठी कॉल कर दी। सूचना मिलने के बाद शकरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो छानबीन के बाद मामला दर्ज हुआ। शिकायतकर्ता से बातचीत हुई तो साजिश से पर्दा उठ गया।
शिकायतकर्ता ने कबूल कर लिया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी आशीष कुमार (25) व इसके तीन साथियों शमीम (27), अमन (29) और तनवीर (32) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से लूटे गए सभी मोबाइल बरामद हो गए हैं। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल दोनों स्कूटी भी बरामद कर ली गई हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि मंगलवार को शकरपुर इलाके में विकास मार्ग से 20 लाख के मोबाइल लूट की कॉल मिली थी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो वहां शिकायतकर्ता आशीष कुमार मिला। उसने बताया कि वह विकास मार्ग स्थित एक कूरियर कंपनी में नौकरी करता है। उसके मालिक ने उसे 20 लाख कीमत के मोबाइल, इनमें आईफोन-17, वन प्लस और वीवो के मोबाइल शामिल थे। विकास मार्ग फ्लाईओवर के पास एक अन्य स्कूटी सवारों ने उससे जबरन फोन लूट लिए। बाद में वह फरार हो गए। शकरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। जांच में जिले के स्पेशल स्टाफ को भी शामिल किया गया। स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक ने आरोपी से पड़ताल की तो आरोपी पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने लूट की झूठी कॉल करने की बात स्वीकार कर ली। आशीष कुमार की निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल व वारदात में इस्तेमाल दो स्कूटी बरामद कर ली गई।