ठक-ठक गिरोह ने महिला
उपश्रमायुक्त को घसीटा
- दक्षिण दिल्ली के खानपुर टी-प्वाइंट पर वारदात, कार में बेटे के साथ जा रही थीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में ठक-ठक गिरोह ने जम्मू-कश्मीर सरकार में उपश्रमायुक्त विदुषी कूपर शर्मा (47) से लूटपाट की। महिला ने अपना पर्स नहीं छोड़ा तो बदमाश स्कूटी से उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटकर ले गए। बुरी तरह घायल विदुषी को नजदीकी बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संगम विहार थाना पुलिस ने आरोपियों को जल्द ही दबोचने का दावा किया है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि परिवार के साथ वसंत कुंज में रहने वाली विदुषी शुक्रवार को अपने बेटे के साथ घर से फरीदाबाद किसी काम के लिए निकलीं। खानपुर टी-प्वाइंट के पास दो लड़कों ने इशारा कर उनसे कार से तेल गिरने की बात कही। विदुषी ने गाड़ी साइड में कर रोकी और इसकी जांच करने लगीं। इसी बीच स्कूटी सवार दो बदमाश पहुंचे और विदुषी के कंधे पर लटका पर्स छीनने की कोशिश की। विदुषी ने पर्स नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने जोर से झटका मारकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया और करीब 100 मीटर तक घसीटते ले गए। बुरी तरह जख्मी होने के बाद विदुषी ने पर्स छोड़ दिया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने विदुषी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई। विदुषी ने पुलिस को बताया कि पर्स में कुछ कैश, एटीएम कार्ड और आई कार्ड था।