नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते हुए सरगना समेत दस सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दो अक्तूबर को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे थे।
आरोपियों ने गिरफ्तारी के समय तक करीब 50 लाख रुपये का सट्टा लगा दिया था। पुलिस ने इनके पास से दस लैपटॉप, 38 मोबाइल, तीन एलईडी आदि सामान बरामद किया है। अपराध शाखा डीसीपी मोनिका भारद्वाज ने बताया कि इंस्पेक्टर राजीव कक्कर को एक अक्तूबर को सूचना मिली थी कि प्रीत विहार इलाके में सट्टा रैकेट चल रहा है। ये दो अक्तूबर को शारजहां में आईपीएल मैच पर सट्टा लगाएंगे। पुलिस दो अक्तूबर को ई-132, प्रीत विहार में दबिश दी और सट्टा खेलते हुए दस आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान कृष्णा नगर निवासी अंकित गोयल उर्फ काकू, अनमोल गांधी, सुरेंद्र मित्तल उर्फ मिंकू, झील खुरंजना, ट्विंकल गुप्ता, दीपक आहुजा, दिव्यांश गुप्ता, मनोज कुमार, गीता कॉलोनी निवासी चेतन बत्रा समेत दो अन्य के रूप में हुई।
अंकित गिरोह का सरगना है। ये दांव लगाने के लिए गिरोह द्वारा दिए गए विशिष्ट नंबरों पर कॉल करते हैं। सट्टा का विवरण लैपटॉप पर सावधानीपूर्वक रखा जाता है। टॉस, रन, सत्र, विकेट, अंतिम जीत आदि पर दांव लगाते थे। सभी आरोपी व्यक्ति अपना ठिकाना बदलते रहते हैं। इन्होंने प्रीत विहार में अड्डा बनाया था और उसे किराए पर लिया था।