-जहांगीरपुरी इलाके में क्लिनिक में घुसकर किशोरी की गोली मारकर हत्या का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जहांगीरपुरी इलाके में सोमवार डॉक्टर की क्लीनिक में घुसकर 15 साल की किशोरी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी आर्यन (20) को बुधवार देर रात हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी आर्यन और किशोरी के बीच दोस्ती थी, लेकिन पिछले कुछ समय से किशोरी ने आर्यन को नजरअंदाज करना शुरू कर दिया था। इस बात से वह खफा था।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया, किशोरी न तो उसकी कॉल पिक कर रही थी और न ही उसके व्हाट्सएप मैसेज का जवाब दे रही थी। आर्यन ने किसी लड़की के जरिए भी उसके पास मैसेज किया था, लेकिन इसके बाद भी किशोरी ने आर्यन से बातचीत से साफ इंकार कर दिया था। वहीं, इन सबके बीच आरोपी ने किशोरी को जमकर परेशान करना शुरू कर दिया था। वह आते-जाते उसे परेशान कर रहा था। इससे परेशान होकर किशोरी ने स्कूल और ट्यूशन तक जाना छोड़ दिया था।
पुलिस गंभीर होती तो जिंदा होती किशोरी
अगर पुलिस मामले को गंभीरता से लेती तो शायद किशोरी आज जिंदा होती। दरअसल किशोरी ने पुलिस से मामले की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने इसको गंभीरता से नहीं लिया। आरोपी को भी पता चल चुका था कि पुलिस से उसकी शिकायत हो चुकी है। इसी बात पर आरोपी ने गुस्से में वारदात को अंजाम दे दिया। सोमवार को जहांगीरपुरी डी-ब्लॉक में 15 साल की किशोरी की डॉक्टर के क्लीनिक में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी अपने दोस्त के साथ वहां पहुंचा और उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।