पीतमपुरा में मंगलवार शाम एक शिक्षक ने फांसी लगा ली। मृतक की शिनाख्त तनूप जौहर (46) के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के पास से डेढ़ पेज का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में तनूप ने स्कूल प्रशासन को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तनूप ने नोट में स्कूल के मालिक, उसकी पत्नी व बेटे का नाम लिखकर तीनों को मौत का जिम्मेदार बताया है।
दरअसल तनूप पिछले एक साल से घर पर बैठा था। उसकी आर्थिक स्थिति खराब थी। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार के हवाले कर दिया गया है। मंगोलपुरी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक तनूप परिवार के साथ भानू एंक्लेव, पीतमपुरा में रहता था। इसके परिवार में पत्नी, मां और एक भाई व अन्य सदस्य हैं। तनूप रोहिणी सेक्टर-9 स्थित एक नामी पब्लिक स्कूल में शिक्षक था। पिछले साल कोरोना की शुरूआत हुई तो उसे घर बिठा दिया गया।
स्कूल प्रशासन ने उसे कोई सैलरी नहीं दी। इसको लेकर उसका स्कूल प्रशासन से विवाद भी हुआ। मामला कोर्ट में विधाराधीन था। स्कूल की ओर से पहले आश्वासन मिलता था। इसके बाद उसे वेतन देने से साफ मना कर दिया गया था। तनूप का कहना था कि कई साल उन्होंने वहां नौकरी कर अपना भविष्य दांव पर लगा दिया।