नई दिल्ली। कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार स्कूली छात्रों को घर बैठे पढ़ाई की सुविधा मुहैया करवाएगी। छात्र स्वयंप्रभा डीटीएच चैनल के माध्यम से घर बैठे ही ई-क्लास रूम में पढ़ाई कर सकेंगे। राज्यों को चार घंटे का टाइम स्लोट दिया गया है।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने बुधवार को ट्वीट कर इस योजना की जानकारी छात्रों और अभिभावकों से साझा की। उन्होंने ट्वीट में बताया कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए शिक्षण संस्थान बंद हैं। ऐसे में परीक्षाओं के वक्त छात्रों का समय बचाने के लिए यह योजना शुरू करने का फैसला लिया गया है। निशंक ने कहा कि मैं चाहता हूं कि छात्र घर बैठकर भी अपनी पढ़ाई से जुड़े रहें। उनकी पढ़ाई का किसी भी प्रकार का नुकसान न हो।