अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। तिलक नगर इलाके में बृहस्पतिवार रात एक कार ने आगे चल रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बंपर को तोड़ता हुआ बाइक का पिछला हिस्सा कार में घुस गया। हादसे के बाद बाइक सवार दो युवक कुछ दूर तक घिसटते चले गए। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मनप्रीत (21) और पारस (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार कार चालक की पहचान तिलक विहार निवासी हरकीरत (27) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 11:30 बजे तिलक नगर फ्लाईओवर के पिलर नंबर 497 के पास सड़क हादसे की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को वहां एक बाइक और कार क्षतिग्रस्त हालत में मिली। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवकों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि पारस की हालत नाजुक बनी हुई है। मनप्रीत और पारस दोस्त हैं। मनप्रीत निजी बैंक में कार्यरत हैं। रात में दोनों दोस्त बाइक से जूस पीने के लिए निकले थे। बाइक मनप्रीत चला रहे थे, वहीं पारस पीछे बैठे हुए थे। शुरुआती जांच में पता चला कि कार की रफ्तार तेज होने की वजह से चालक उसपर नियंत्रण नहीं कर सका।