जागो पार्टी ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधकों को धार्मिक जगहों से बोलने पर तत्काल रोक लगाने की मांग अकाल तख्त से की है। पार्टी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने कहा है कि प्रबंधक कमेटी अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा व महासचिव हरमीत सिंह कालका सिख इतिहास व गुरबाणी से संबंधित तथ्यों को गलत अंदाज में पेश कर रहे है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बाला साहिब अस्पताल को क्वारंटीन सेंटर बनाने की बाबत लिखे पत्र में सिख इतिहास को गलत तरीके से पेश किया है। बिना प्रमाणिक इतिहास के सिरसा ने गुरुद्वारा बाला साहिब वाले स्थान पर गुरु हरि कृष्ण साहिब को एकांतवास में रहने का जिक्र किया।
यह कहा गया कि गुरु साहिब चेचक की बीमारी के संक्रमण के बाद यहां एकांतवास में रहे। जीके ने सिरसा से सवाल पूछा कि गुरु साहिब का यह एकांतवास कैसे, कब और कहां से आया?