श्याम लाल कॉलेज ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
नई दिल्ली। श्याम लाल कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज क्रिकेट (पुरुष) टूर्नामेंट 2025-26 के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में श्याम लाल कॉलेज ने आर्यभट्ट कॉलेज को 3 विकेट से हराया। टीम की जीत में रौनक राव, आर्यन और अभिषेक तिवारी का प्रदर्शन शानदार रहा ।
मैच की शुरुआत में श्याम लाल कॉलेज के कप्तान विनय नेगी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आर्यभट्ट कॉलेज की टीम 30.3 ओवर में 157 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से हर्षवर्धन ने 56 रनों की अहम पारी खेली। श्याम लाल कॉलेज की तरफ से रौनक राव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 37 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि अभिषेक तिवारी ने सिर्फ 10 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। संदीप राजपूत और देवांश बिष्ट को 2-2 विकेट मिले।
श्याम लाल कॉलेज ने 34.3 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। आर्यन ने सर्वाधिक 46 रन बनाए, जबकि रौनक राव ने 22 और अस्मित पंवार ने 21 रनों का योगदान दिया। आर्यभट्ट कॉलेज की ओर से कुणाल ने 24 रन देकर 3 विकेट और हर्षवर्धन ने 38 रन देकर 2 विकेट लिए।
इससे पहले श्याम लाल कॉलेज ने टूर्नामेंट के पहले राउंड में शहीद भगत सिंह कॉलेज (इवनिंग) को 7 विकेट से हराया था। टीम के कोच राकेश थपलियाल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना किया ।