दिल्ली के वसंत कुंज (नॉर्थ) थाना इलाके में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी युवक ने उससे मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद आरोपी युवक फरार हो गया है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित युवती वसंतकुंज (नार्थ) थाना इलाके में रहती है। युवती ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी कुछ महीने पहले सोशल मीडिया के जरिये पंकज नामक युवक से दोस्ती हुई थी। दोस्ती होने के बाद दोनों फोन पर बात करने लगे।
आरोप है कि आरोपी युवक ने युवती को एक होटल में बुलाया और वहां शादी का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया। ये भी आरोप है कि युवक ने युवती की अश्लील वीडियो भी बना ली और शादी का दबाव बनाने पर वायरल करने की धमकी दी। मंगलवार शाम तक आरोपी युवक को गिरफ्तार नहीं किया जा सका था।
पुलिस ने पीड़ित युवती की शिकायत पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद आरोपी युवक फरार हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।