नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में स्कूल खोले जा चुके हैं या फिर खोले जाने की घोषणा हो चुकी है। ऐसे में दिल्ली में भी स्कूलों को खोले जाने की मांग होने लगी है। स्कूल संचालक बच्चों, कर्मचारियों के हित में स्कूल खोलने की मांग कर रहे हैं। संचालकों का कहना है कि सरकार को तुरंत स्कूल खोले जाने को लेकर फैसला लेना चाहिए।
दिल्ली स्टेट पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के आर.सी जैन ने कहा कि पिछले दिनों दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पीटीएम मीटिंग मे कराए गए सर्वे में 90 फीसदी अभिभावकों ने स्कूल खोलने को कहा था। उसके बाद दिल्ली सरकार द्वारा ई-मेल पर मांगे गए सुझाव पर भी 68 फीसदी लोगों ने दिल्ली में स्कूल खोलने का सुझाव दिया था।
उन्होंने कहा कि कई राज्यों ने अपने स्कूल खोल दिए हैं या फिर इसकी घोषणा कर दी है। अभी तक कुछ विशेष क्षेत्रों को छोड़कर कहीं से भी बच्चों के संक्रमित होने की सूचना नहीं है। वहीं चिकित्सा विज्ञान की प्रतिष्ठित पत्रिका लैंसेट के मुताबिक अभी तक कोविड-19 की तीसरी लहर से बच्चों पर गंभीर संकट की कोई आशंका नहीं है। ऐसे में दिल्ली में भी स्कूलों को खोल देना चाहिए।
जैन ने कहा कि शिक्षा जगत से जुड़े हुए लोग आगे आकर यह मांग करें कि स्कूलों को खोलने में ही भलाई है क्योंकि बच्चे तनाव का शिकार हो रहे हैं। मानसिक रूप से बीमार, शारीरिक रूप से मोटे होते जा रहे हैं चिड़चिड़ापन बढ़ता जा रहा है। ऐसे में स्कूलों का खोला जाना जरूरी है। यदि स्कूलों को नहीं खोला गया तो दिल्ली सरकार के खिलाफ अभिभावकों को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।