दिल्ली एनसीआर में मानसून की स्थितियां अनुकूल हैं, लेकिन फिर भी बारिश नहीं हो रही है। आसमान में बादल आते हैं लेकिन बिना बरसे ही चले जाते हैं। ऐसे में दिल्लीवासियों के लिए मानसून का इंतजार लंबा होता जा रहा है।
मानसून की भविष्यवाणी को लेकर पहले 15 जून और फिर 10 जुलाई की तारीख मिल चुकी है लेकिन बदरा नहीं बरसे। रविवार को भी मानसून के दस्तक देने की उम्मीद थी लेकिन विभाग ने सोमवार को बारिश होने की उम्मीद जताई थी।
सोमवार शाम तक भी मानसून दिल्ली से दूर रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी से निचले स्तर पर चलने वाली पूर्वी हवाओं के साथ पिछले 24 घंटों में पड़ोसी राज्यों में बारिश हुई है।
दक्षिण पश्चिम मानसून राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सोमवार को बढ़ा है। दक्षिण पश्चिम मानसून जैसलमेर, नागौर, भरतपुर, अलीगढ़, करनाल और गंगानगर से गुजर रहा है। विभाग लगातार मानसून की गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। दिल्ली के लिए भी स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
विभाग का कहना है कि भविष्यवाणी हवा, बादलों की आवाजाही, और सिस्टम पर आधारित होती है। यह सब अभी सक्रिय है बस बारिश होने का इंतजार है। जुलाई में भी झमाझम बारिश होने की संभावना कम है। रविवार को भी घोषणा की गई थी कि 11 जुलाई को बारिश हो जाएगी और मानसून का इंतजार खत्म होगा।
फिर सोमवार को बारिश होने की बात कही गई। सोमवार सुबह आसमान में बादलों ने डेरा डाले रखा एक बार को लगा कि बारिश हो जाएगी। दिन भर तेज हवाएं भी चलती रही लेकिन 10 बजे के बाद बादल छंटने लगे और वह बिना बरसे ही चले गए।
उसके बाद धूप निकल गई। इस कारण दिन भर तीखी धूप और उमस से लोग परेशान रहे। हवा चलने से थोड़ी बहुत राहत जरुर मिली। देर शाम तक एक बार फिर से बारिश नहीं हुई।
अब एक बार फिर से विभाग ने मंगलवार को बारिश होने की संभावना जताई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियय, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को तापमान 33 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
पूर्वानुमान: आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने का अुनमान है।
अधिकतम तापमान: 37.7 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 27.0 डिग्री सेल्सियस
13 जुलाई को सूर्यास्त: शाम 7 बजकर 22 मिनट
14 जुलाई को सूर्योदय: सुबह 5 बजकर 33 मिनट