दिल्ली के विवेक विहार इलाके में पिस्टल दिखाकर कारोबारी से लूटपाट करने का मामला सामने आया है। रविवार तड़के बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। वारदात के समय पीड़ित अपने दोस्त के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे।
दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले कारोबारी से बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर लूटपाट की। बदमाश ने कारोबारी से उनका पहना हुआ सोने का कड़ा लूट लिया। बाद में आरोपी बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद शाहदरा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
पीड़ित का बयान लेकर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। देर शाम को वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनको पकड़ने का प्रयास कर रही है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया पीड़ित कारोबारी परिवार के साथ विवेक विहार इलाके में रहते हैं। इनका अपना कारोबार है। रविवार सुबह यह अपने एक दोस्त के साथ सुबह की सैर करने के लिए निकले थे। इस बीच जैसे ही यह योजना विहार के मकान नंबर बी 164 के सामने पहुंचे, अचानक लाल रंग की बाइक पर सवार 2 बदमाशों ने इनको रोक लिया।
विज्ञापन
एक बदमाश ने पिस्टल दिखाकर कारोबारी से इनका सोने का कड़ा उतरवा लिया। बाद में आरोपी मौके से यूटर्न लेकर महिला कॉलेज की ओर फरार हो गए। सुबह करीब 6:13 पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीड़ित का बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।
बाइक के नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। लूटपाट करने का सीसीटीवी वीडियो रविवार रात को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद पुलिस को सामने आकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात करनी पड़ी। अब पुलिस की आधा दर्जन टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।