नई दिल्ली। रेखा सरकार आपके द्वार अभियान के तहत जनकपुरी के चाणक्य प्लेस पार्ट-2 में शुक्रवार को 25 फुटा सड़क बनाने का काम शुरू किया गया। स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने काम शुरू कराते हुए कहा कि उनकी सरकार के पास फंड और राजनीतिक इच्छाशक्ति दोनों की कमी नहीं है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र के महावीर एन्क्लेव, चाणक्य प्लेस, दयाल सर रोड, उत्तम नगर और जनकपुरी के कई अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए भरपूर फंड दिया है। आने वाले दिनों में कई और काम शुरू होंगे। सीवर की नई पाइप लाइन डालने, पुरानी को सुधारने, पीने के पानी की नई पाइप लाइन, सर्दी और गर्मी की क्षमता के लिहाज से बिजली वितरण की व्यवस्था होगी। सड़कों की मरम्मत या आधुनिक तकनीक से नई सड़कें बनाने का काम होगा। मंत्री ने कहा कि हम जनता का पैसा प्रचार, विज्ञापन पर खर्च करने के बजाय दिल्ली के विकास पर ईमानदारी और योजनाबद्ध तरीके से खर्च कर रहे हैं। इससे पहले की सरकार के लोग काम न करने के बहाने बनाते थे और भ्रामक प्रचार करते रहे। ब्यूरो