उत्तम नगर के हस्तसाल गांव की घटना, मकान जर्जर हालत में था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तम नगर के हस्तसाल गांव में शुक्रवार दोपहर दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरते ही अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस, एनडीआरएफ और राहत से जुड़ीं अन्य एजेंसियों के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। कुछ देर में बचाव दल ने मलबे से मकान मालिक नीरज की पांच साल की बेटी और पत्नी को बाहर निकालकर अस्पताल में पहुंचाया। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान 33 साल की पूनम के रूप में हुई। घायल बच्ची नव्या को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए एजेंसियां मलबा हटाने के काम में जुट गईं लेकिन नीचे और कोई नहीं मिला। शुरुआती जांच में पता चला कि मकान जर्जर हालत में था। पुलिस मकान गिरने के कारणों की जांच कर रही है।
दमकल अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 3.10 बजे उत्तम नगर के हस्तसाल गांव में दो मंजिला मकान गिरने और उसमें कुछ लोगों के दबे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। मकान गिरने के बाद आसपास के लोग तुरंत भागकर वहां पहुंचे और मलबा हटाने के काम में जुट गए। थोड़ी ही देर में गली में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाकर घटनास्थल के पास घेराबंदी की। दमकल कर्मियों के साथ साथ एनडीआरएफ की टीम, एंबुलेंस और सिविक एजेंसी की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम तुरंत मलबा हटाने में जुट गई। दमकल विभाग के एडीओ संतोष ने बताया कि दमकल विभाग की टीम ने कुछ देर बाद मलबे से पांच साल की बच्ची और एक महिला को बाहर निकाला। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।