चितरंजन पार्क इलाके का मामला, कर्ज उतारने के लिए आरोपी ने रची साजिश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के चितरंजन पार्क इलाके में युवक ने कर्ज उतारने की अनोखी साजिश रची। वह स्प्रे और नकली नोटों का बंडल लेकर ज्वेलरी शोरूम में पहुंच गया। उसने ज्वेलर की आंखों में स्प्रे कर ज्वेलरी लूटकर भागने की कोशिश की, मगर लोगों ने आरोपी अनुज कुमार को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। चितरंजन पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कर्ज उतारने के लिए वारदात की साजिश रची थी।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह चौहान ने बताया कि पीसीआर कॉल मिली थी कि मार्केट नं. 1, चितरंजन पार्क से कॉलर बोल रहा हूं कि यहां पर चोर पकड़ रखा है। सूचना के बाद चितरंजन पार्क थानाध्यक्ष योगेश्वर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूछताछ करने पर पता चला कि शाम करीब 5.40 बजे मार्केट नंबर-1 स्थित ज्वेलरी शॉप पर एक लड़का आया। आरोपी ने कुछ आभूषण दिखाने को कहा। आभूषण देखने के दौरान ज्वेलर को 500 रुपये के नोटों की गड्डी दी और गिनने को कहा। जब दुकानदार नोट गिनने लगा तो उसने दुकानदार की आंखों में कोई केमिकल स्प्रे डाल दिया और चेन व अन्य ज्वेलरी उठाकर भागने लगा। ज्वेलर ने अन्य लोगों की मदद से आरोपी युवक को पकड़ा। जांच करने पर पता लगा कि बंडल में ऊपर और नीचे 500 रुपये के नोट थे मगर बीच में बच्चों के खेलने वाले नोट थे।