ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार पिछले कई सालों से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था। कोई कार्रवाई नहीं होने से आमलोग इसके करतूत से वाकिफ नहीं थे। अब पहलवान सागर धनकड़ हत्याकांड में शिकंजा कसा जा रहा है तो एक से एक नये राज खुलकर सामने आने लगे हैं।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है कि सुशील की गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी व लारेंस विश्नोई से नजदीकियां थीं। सुशील इन गैंगस्टरों के साथ मिलकर विवादित प्रॉपर्टी के सौदे करने के अलावा रंगदारी के मामलों में बदमाशों व पीड़ितों के बीच मध्यस्थता करने लगा था।
वहीं इस बीच सुशील कुमार के एक और कारनामे का पर्दाफाश हुआ है। सितंबर में छत्रसाल स्टेडियम में राशन आपूर्ति करने वाले राशन विक्रेता ने जब बकाया चार लाख रुपये देने की मांग की तब सुशील ने उसे स्टेडियम बुलाकर पहलवानों से पिटाई करा दी थी और जान से मारने की धमकी भी दी थी। पीड़ित सतीश गोयल ने पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
गौरतलब है कि छत्रसाल स्टेडियम में पहलवान सागर धनकड़ की हत्या के मामले में रोजाना नए खुलासे हो रहे हैं। अब ओलंपियन सुशील कुमार को लेकर एक और नया खुलासा हुआ है। कभी सुशील कुमार को अपना गुरु मानने वाला सागर खुलेआम उससे दुर्व्यवहार करने लगा था। मॉडल टाउन के एम-2 ब्लॉक स्थित उसी फ्लैट को लेकर दोनों के बीच कड़वाहट बढ़ गई थी, जिसके लिए सारा बवाल हुआ था।
वहीं, पुलिस सूत्रों का कहना है कि फरारी के दौरान सुशील ने पांच दिन बठिंडा में एक हनुमान अखाड़े में बिताए थे। जांच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि झगड़े की पटकथा को मार्च माह में ही लिख लिया गया था। इस पूरी वारदात में अजय बक्करवाला और सोनू महाल का नाम सामने आ रहा है। मामले की जांच कर रहे एक अधिकारी ने बताया कि सुशील के बेहद करीबी अजय ने अपनी दुश्मनी का बदला लेने के लिए उसकी ताकत का इस्तेमाल किया है।