होली से पहले रेलवे ने लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। होली के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। खास बात यह भी है कि इनमें ज्यादातर ट्रेन पूर्वांचल दिशा की तरफ चलेंगी। इस दिशा में बड़ी संख्या में दिल्ली से लोग त्योहार के दौरान रवाना भी होते है।
होली त्योहार में शरीक होने के लिए पूर्वांचल दिशा जाने वालों की राह अब रेलवे आसान करेगा। आनंद विहार रेलवे स्टेशन से पांच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इनमें मुख्य रूप से ट्रेन मुजफ्फरपुर, जयनगर, जोगबनी, सीतामढ़ी, सहरसा के बीच चलेगी। ट्रेन संख्या 04048 आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर आरक्षित होली स्पेशल 12 से 19 मार्च के बीच प्रत्येक बुधवार और शनिवार को रात के 11 बजे चलेगी।
वापसी दिशा में 04047 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनल आरक्षित होली स्पेशल रात के 11 बजे चलेगी। मार्ग में यह स्पेशल रेलगाड़ी मुरादाबाद, चंदौसी, लखनऊ, गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। इसी तरह एक अन्य ट्रेन 04060 आनंद विहार टर्मिनल से जयनगर के लिए 11 से 22 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी।
आनंद विहार से सुबह 10:30 बजे यह ट्रेन रवाना होगी। वापसी दिशा में 04059 जयनगर-आनंद विहार टर्मिनल आरक्षित होली स्पेशल 12 से 23 मार्च के बीच चलेगी। मार्ग में यह स्पेशल ट्रेन मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, पटना, बखतियारपुर, मोकामा, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।