केवल नोट और वोट की राजनीति में व्यस्त रहीं पिछली सरकारें
- यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 के उद्घाटन से एक दिन पूर्व बोले प्रदेश के औद्योगिक मंत्री नंदी
- कहा, ट्रेड शो की जगह जनता के पैसों से किया सैफई महोत्सव और जन्मदिन पर पहनते थे नोटों की माला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 के उद्घाटन से एक दिन पूर्व यूपी के औद्योगिक मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने कहा कि ट्रेड शो के माध्यम से स्थानीय उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत को अपना प्रदेश ने निर्यात में दोगुनी वृद्धि की है। पिछली सरकारों ने केवल नोट और वोट की राजनीति की। ट्रेड शो की जगह जनता का पैसा सैफई महोत्सव में लगाया गया। नेता जन्मदिन पर नोटों की माला पहनते थे।
इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित प्रेसवार्ता में नंद गोपाल नंदी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 का तीसरा संस्करण 25 से 29 सितंबर के बीच होगा। यह मंच से भारत की 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का प्रमुख माध्यम होगा। औद्योगिक मंत्री ने मंच से दूसरी सरकारों पर कहा कि जेवर में एयरपोर्ट वर्ष 2002 से बन रहा था। हर चुनाव में एयरपोर्ट का मुद्दा बाहर आ जाता था, लेकिन प्रदेश सरकार एयरपोर्ट का निर्माण करा रही है। उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री से समय मिलने के साथ ही तारीख तय हो जाएगी। प्रदेश में केवल दो एयरपोर्ट थे, लेकिन इस समय 16 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। 16 हजार किमी लंबा रेल नेटवर्क है। आधुनिक एक्सप्रेसवे मौजूद है। ओडीओपी योजना ने स्थनीय शिल्प को वैश्विक ब्रांड में बदल दिया है। ट्रेड शो के माध्यम से यूपी की पहचान एक व्यापार और निवेश महाशक्ति के रूम में सुदृढ़ हो रही है।
वहीं एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि एमएसएमई उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की धड़कन है। ओडीओपी, प्रगतिशील नीतियों और वैश्विक साझेदारियों से स्थानीय उद्यमों को वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है। इस मौके पर प्रदेश के दोनों मंत्री ने ट्रेड शो की मोबाइल एप्लीकेशन और प्रदर्शनी निर्देशिका का लोकार्पण किया।