दिल्ली वासियों को जल्द ही एक सुंदर हेरिटेज पार्क मिल जाएगा। लाल किला और जामा मस्जिद के बीच में सुभाष मार्ग पर बने इस पार्क का 20 मार्च को राष्ट्रपति उद्घाटन करने वाले हैं। मुगलकालीन आर्क शैली को ध्यान में रखकर इसे लाल पत्थरों के इस्तेमाल से बनाया गया है।
उत्तरी निगम ने इस पार्क को पुरानी दिल्ली की मुगलकालीन बसावट की तर्ज पर बनाया है। इसकी चारदीवारी और मुख्य द्वार पर मुगलकालीन कलाकृतियों की छाप दिखाई दे रही है। लाल पत्थरों से इसे बनाया गया है।
पार्क में मुगलकालीन बारादरी (12 दरवाजे वाला एक मंडप), युवाओं को आकर्षित करने के लिए इसमें सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। रंग-बिरंगे फूल और हरी-भरी घास लगाई गई है। उत्तरी निगम के अधिकारियों के मुताबिक रह गई कमियों को 20 मार्च से पहले युद्ध स्तर पर दूर करने के लिए कड़ी मेहनत हो रही है।
पिछले साल ही बन जाता पार्क
लाल किले और जामा मस्जिद के बीच करीब तीन सालों में 1.75 एकड़ क्षेत्रफल में यह पार्क बनाया गया है। इस पार्क के निर्माण के लिए निगम को अधिकतर जनराशि एमपीलैड से आवंटित की गई थी। इस पार्क को 2020 में ही बनकर तैयार होना था, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे बनकर तैयार होने में समय ज्यादा लग गया।