नई दिल्ली। बंदी छोड़ दिवस के मौके पर रविवार को दिल्ली के विभिन्न पंथक संगठनों ने तिहाड़ जेल के बाहर बंदी सिखों की रिहाई के लिए सामूहिक अरदास की। इस दौरान संगत ने गुरबाणी का गायन किया और गुरु हरगोबिंद साहिब के चरणों में बंदी सिखों की रिहाई के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में शिरोमणि अकाली दल की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके सहित कई पंथक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
परमजीत सिंह सरना ने बंदी सिखों की रिहाई में देरी के लिए सरकारों की ढिलाई को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पंजाब में अकाली सरकार बनने पर 48 घंटे के भीतर बंदी सिखों की रिहाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पंथक संगठन एकजुट होकर केंद्र सरकार तक अपनी बात पहुंचाएं तो अगले महीने तक भाई देविंदर पाल सिंह भुल्लर की रिहाई का रास्ता खुल सकता है। सरना ने जत्थेदार जगतार सिंह हवारा को मां से मिलने के लिए महज छह घंटे की पैरोल दिए जाने पर भी सवाल उठाए और कम से कम दो से चार दिन की पैरोल देने की मांग की। मनजीत सिंह जीके ने कहा कि वर्ष 2018 से शुरू हुए इस अरदास कार्यक्रम का उद्देश्य बंदी सिखों को उनका कानूनी हक दिलाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिख कैदियों के मामले में सरकारों का रवैया भेदभावपूर्ण रहा है। ब्यूरो