- कमला नगर बाजार में खरीदे दीये, छात्राओं और दिवाली पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों से भी की मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार टीएस संधू ने इस बार दिवाली आम लोगों के बीच अलग-अलग इलाकों में मनाई। उन्होंने राजेंद्र नगर के कोचिंग हब में सिविल सेवा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से मुलाकात की। इस दौरान छात्रों के साथ चाय पी और उनकी तैयारियों, चुनौतियों व समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आवास, रीडिंग रूम, खानपान और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित एजेंसियों के माध्यम से जल्द कदम उठाने का आश्वासन दिया।
उपराज्यपाल ने कहा कि त्योहारों पर परिवार से दूर रहना आसान नहीं होता। इसके बावजूद सार्वजनिक सेवा में आने के लिए युवाओं का समर्पण और प्रतिबद्धता प्रेरणादायक है। दिवाली उनका भी त्योहार है और उनके साथ समय बिताने का उद्देश्य उनका उत्साह बढ़ाना है।
इससे पहले उन्होंने कमला नगर बाजार का दौरा कर दुकानदारों, कारोबारियों और स्थानीय निवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने घर के लिए दीये भी खरीदे। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारी किसी भी मोहल्ले की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं।
उपराज्यपाल ने इंद्रप्रस्थ कॉलेज फॉर वुमेन के छात्रावास में छात्राओं और गैर-शिक्षण कर्मचारियों से भी मुलाकात की। इसके अलावा दिल्ली पुलिस के पिंक बूथों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों और राजेंद्र नगर थाने में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने त्योहार पर परिवार से दूर रहकर लोगों की सुरक्षा करने को सराहनीय सेवा और त्याग बताया।