बोर्ड संबंधी परीक्षाओं के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि प्रदूषण के मद्देनजर दिल्ली के सभी स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे। हालांकि बोर्ड से संबंधित परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही चलेंगी। हवा गंभीर होने के साथ दिल्ली में स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थान समेत सभी प्रशिक्षण संस्थान फिर से बंद कर दिए गए हैं।
शुक्रवार से सभी शैक्षणिक संस्थाएं बंद हो जाएंगी। नई बंदिशों का असर सीबीएसई के परीक्षाओं पर नहीं पड़ेगा। परीक्षाएं अपने तयशुदा कार्यक्रम से चलेंगी। दिल्ली सरकार ने बृहस्पतिवार को इसका फैसला लिया। प्रदूषण का स्तर कम होने पर सरकार दुबारा इस मसले की समीक्षा करेगी।
खतरनाक स्तर पर बना हुआ एक्यूआई
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीच में दो-तीन दिन सुधार के बाद दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक फिर डरावने स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली के आनंद विहार आईएसबीटी पर गुरुवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'गंभीर' श्रेणी में 448 दर्ज किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजधानी में धुंध छाई रही। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही।