महापौर बोले, आरोप भ्रामक और राजनीति से प्रेरित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में डेंगू से दो मौतों की पुष्टि के बाद राजनीतिक सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित एमसीडी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे मौसमी रोगों पर काबू पाने में भाजपा पूरी तरह नाकाम रही है।
वहीं महापौर राजा इकबाल सिंह ने इन आरोपों को भ्रामक, निराधार और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। आम आदमी पार्टी के नेता व एमसीडी में प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा के चारों इंजन की सरकार दिल्ली को प्रदूषण और बीमारियों से नहीं बचा पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एमसीडी ने डेंगू की रिपोर्ट तीन हफ्ते तक छिपाई और तीन नवंबर को जारी की, जबकि इसमें 300 डेंगू, 200 मलेरिया और 60 चिकनगुनिया के नए मामले दर्ज हुए हैं। नारंग ने कहा कि अगर एमटीएस कर्मचारियों की हड़ताल समय रहते खत्म कराई जाती, तो दिल्ली में इतनी बड़ी संख्या में डेंगू के मामले नहीं बढ़ते। उन्होंने मेयर से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जनता भाजपा की नाकामी का खामियाजा भुगत रही है।
वहीं, जवाब में महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी जानबूझकर झूठे आंकड़े पेश कर नागरिकों को गुमराह कर रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अक्तूबर में केवल 377 डेंगू के मामले दर्ज हुए हैं, जबकि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार थी, जब अक्तूबर 2024 में 2,431 और अक्तूबर 2023 में 2,003 मामले सामने आए थे।