नई दिल्ली। बाहरी जिला पुलिस ने लूटपाट और झपटमारी करने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन झपटमार, तीन लुटेरे और चोरी का माल खरीदने वाले दो ज्वेलर शामिल हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी से तीन मामले सुलझाने का दावा किया गया है।
विज्ञापन
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ, पश्चिम विहार ईस्ट और निहाल विहार थाना पुलिस की टीमों ने अलग-अलग अभियान चलाकर आरोपियों को पकड़ा। पहली कार्रवाई में पश्चिम विहार वेस्ट थाने में दर्ज झपटमारी के मामले में पुलिस ने घेवर गांव निवासी अभिषेक, प्रवीण राणा और सुमित को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने महिला का सोने का लॉकेट झपटकर सुमित को दे दिया था। दूसरी कार्रवाई में पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस ने संजय साहनी और लखी को गिरफ्तार किया। इनके पास से झपटी गई सोने की चेन बरामद हुई। वहीं, निहाल विहार थाना पुलिस ने लूट के मामले में प्रिंस वर्मा, हेमंत कुमार उर्फ सुमित और मोहम्मद अरमान उर्फ वकील को गिरफ्तार किया। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल कटर और गहने पिघलाने वाला उपकरण और गैस सिलिंडर बरामद हुआ। ब्यूरो