नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के आरोपी शाहरुख पठान को तिहाड़ जेल में रोजाना चार कच्चे अंडे देने और अलग टीवी रखने की अनुमति देने वाले अदालत के आदेश को वापस लेने या संशोधित करने की मांग करते हुए अदालत का रुख किया है। पुलिस का कहना है कि इस आदेश पर पुनर्विचार की जरूरत है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश समीर बाजपेयी द्वारा 4 जून को दिए गए आदेश के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने याचिका दायर की है। इस आदेश में कोर्ट ने शाहरुख पठान की अर्जी स्वीकार करते हुए जेल प्रशासन को निर्देश दिया था कि वह रोजाना उबले अंडों के बजाय चार कच्चे अंडे उपलब्ध कराए और आरोपी अपने खर्च पर अलग टीवी रख सके। शाहरुख पठान पर दंगों के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल पर तमंचा तानने का आरोप है। उसकी गिरफ्तारी के समय ली गई तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। पठान के वकील ने अदालत को बताया था कि लंबे समय से जेल में बंद रहने के कारण उनका मुवक्किल निराशा और डिप्रेशन का शिकार हो गया है। ब्यूरो