दाखिले के लिए फिजिकली ट्रायल में हिस्सा लेना जरूरी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक प्रोग्राम में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। छात्रों को स्पोर्ट्स और ईसीए (एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटी) कोटे से दाखिले के लिए अलग-अलग आवेदन करना है। इसके बाद ही सामान्य, ईसीए और स्पोर्ट्स कोटे की सीट का आवंटन अलग-अलग होगा। हालांकि सीट का आवंटन सामान्य के तीन सीट आवंटन राउंड संपन्न होने के बाद ही होगा। इन दोनों कोटे के तहत दाखिले ट्रायल के अंको, सर्टिफिकेट के अंको व सीयूईटी स्कोर के आधार पर बनी मेरिट से होंगे।
डीयू ने बृहस्पतिवार को स्नातक प्रोग्राम में ईसीए और स्पोर्ट्स कोटे से दाखिले के लिए वेबिनार आयोजित किया। दोनों कोटे के दाखिलों को लेकर ईसीए दाखिला समिति के संयोजक डॉ. दीप्ति तनेजा और दिल्ली विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स काउंसिल से डॉ. अमित कुमार सिंह ने दाखिला संबंधी जानकारी दी। वेबिनार में बताया कि छात्र को फिजिकली ट्रायल देने के लिए दिल्ली आना होगा। ट्रायल में हिस्सा न लेने पर वह दाखिले से वंचित हो सकते हैं। बीते तीन साल के प्रमाणपत्रों पर विचार किया जाएगा। प्रमाणपत्र 2023 से वर्ष 2026 तक के प्रमाणपत्र होने चाहिए। ईसीए की 14 श्रेणी में से दो श्रेणी एनएसएस और एनसीसी में ट्रायल नहीं होंगे। एनसीसी व एनएसएस के लिए छात्र को पांच सर्टिफिकेट अपलोड करने होंगे।
छात्र तीन कैटेगिरी के लिए आवेदन कर सकते हैं लेकिन सीट एक कैटेगिरी के आधार पर ही आवंटित की जाएगी। डीयू में ईसीए व स्पोर्ट्स कोटे से दाखिले के लिए मेरिट लिस्ट तैयार करने के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (सीयूईटी) 2026 के स्कोर, छात्रों के सर्टिफिकेट और ट्रॉयल के अंकोंं को देखा जाएगा। ट्रायल की तिथियां जल्द ही जारी की जाएंगी।