अस्पतालों में पिछले दो सप्ताह से श्वास संबंधी बीमारियों के मरीजों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस दौरान निमोनिया और सांस संबंधी मरीजों की संख्या बढ़ी है।
दिल्ली में स्थित प्राइमस हॉस्पिटल के स्लीप एंड क्रिटिकल केयर मेडिसन के श्वसन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एसके छाबड़ा ने कहा कि मैंने रोज आने वाले मरीजों की संख्या में पिछले दो सप्ताह में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी दर्ज की है। लगभग 50 प्रतिशत लोगों ने निमोनिया और श्वास संबंधी समस्याओं की शिकायत की है।
दिल्ली में हाल ही में वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। लोगों को सांस लेने में और आंखों में जलन संबंधी शिकायतें हो रही हैं। डॉक्टरों ने बुजुर्गों और बच्चों को सुबह और शाम को बाहर ना टहलने की सलाह दी है।