नई दिल्ली। कोरोना वायरस के कारण विश्वविद्यालय 31 मार्च तक बंद हैं। इस बंद का असर विश्वविद्यालयों में जारी व शुरू होने वाली दाखिला प्रक्रिया पर भी पड़ सकता है। डीयू में जहां दो अप्रैल से शुरू होने वाली आवेदन प्रक्रिया के लटकने के आसार हैं, तो वहीं गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्याल में जारी ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाई जा सकती हैै। विश्वविद्यालय बंद होने के कारण टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ को घर से काम करने की अनुमति दी गई है।
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय में विभिन्न कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया तीन मार्च से जारी है। अब तक विभिन्न कोर्सेज में काफी आवेदन हो चुके हैं और अंतिम तिथि 31 मार्च है। बीते 19 मार्च के बाद से विश्वविद्यालय बंद कर दिया गया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि भले ही विवि में ऑनलाइन आवेदन हो रहा है लेकिन इसकी तिथि को अप्रैल के दूसरे सप्ताह तक बढ़ाया जा सकता हैै। अधिकारी इस पर चर्चा कर रहे हैं लेकिन स्थिति अभी साफ नहीं है। हालांकि प्रशासन ने आवेदन से जुड़ी परेशानी से बचाने के लिए पहले ही नए हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं।
उधर दिल्ली विश्वविद्यालय में यूजी-पीजी कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया दो अप्रैल से शुरू होने की संभावना थी। बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय बंद होने के कारण दाखिला कमेटी कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा नहीं कर सकी। ऐसे में डीयू में भी दो अप्रैल से आवेदन शुरू होना मुश्किल लग रहा है। दाखिला कमेटी व प्रशासन इस संबंध में विचार कर आवेदन तिथियों की घोषणा करेगा। मालूम हो कि डीयू में बाहरी राज्यों के छात्र बड़ी संख्या में दाखिला लेते हैं। भले ही आवेदन ऑनलाइन हो, लेकिन समस्या होने पर वह अपनी शिकायत लेकर विश्वविद्यालय ही पहुंचते हैं। मौजूदा हालात में विश्वविद्यालय पहुंचना संभव नहीं होगा।