स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन
- फोटो : ANI
महाराष्ट्र के बाद दिल्ली में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामले बढ़ने लगे हैं। दिल्ली में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट के दस मरीज मिले हैं। जिनमें से एक स्वस्थ होकर घर लौट चुका है। शेष नौ मरीजों का एलएनजेपी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से कोई भी गंभीर मामला नहीं है। यह जानकारी दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को दी।
घबराने की जरूरत नहीं : जैन
मंगलवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया था कि ओमिक्रॉन के मामले बढ़े जरूर हैं, लेकिन राहत की बात है कि सभी मरीज चिकित्सीय निगरानी में हैं। अभी तक ओमिक्रॉन को लेकर दिल्ली वालों को घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि, उन्होंने लोगों से कोविड नियमों का पालन करने और भीड़ से दूरी बनाए रखने की अपील की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केवल ओमिक्रॉन ही नहीं, कोरोना के किसी भी वैरिएंट से निपटने के लिए दिल्ली पूरी तरह से तैयार है। इसके लिए 32 प्रकार की दवाओं का बफर स्टॉक भी रखा है। ओमिक्रॉन वैरिएंट के प्रसार को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार नए मामलों और ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वालों की निगरानी पर पैनी नजर रखे हुए है।
दिल्ली में ओमिक्रॉन
- पहला मामला 5 दिसंबर को सामने आया, मरीज को मिली छुट्टी।
- दूसरा मामला 11 दिसंबर को सामने आया, मरीज उपचाराधीन।
- चार मामले 14 दिसंबर को आए। मरीज उपचाराधीन।
- चार मामले 16 दिसंबर को आए। मरीज उपचाराधीन।