विदेश से संक्रमित होकर वापस दिल्ली लौटा एक मरीज दो दिन से लापता था। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद मरीज को वापस दिल्ली लाकर साकेत स्थित मैक्स स्मार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां मरीज कोविड वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में है।
मरीज के सैंपल की अब तक जीनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट नहीं आई है लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि संक्रमण के हल्के लक्षण होने की वजह से मरीज की हालत स्थिर बनी हुई है। जब डॉक्टरों ने रोगी से भागने के पीछे कारण पूछा तो उसने बताया कि वह ओमिक्रॉन को लेकर काफी पैनिक हो गया था और वह सरकारी अस्पताल में उपचार कराना नहीं चाहता था।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को एक 30 वर्षीय युवक यूके से वापस दिल्ली लौटा था। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसकी आरटी पीसीआर रिपोर्ट पॉजीटिव पाई गई जिसके बाद उसे संक्रमण के बारे में बताया गया। साथ ही उसे हा गया कि रिपोर्ट निगेटिव आने तक उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा।
यह सुनते ही युवक ने कहा कि वह किसी सरकारी अस्पताल में जाकर इलाज नहीं कराना चाहता। उसे प्राइवेट अस्पताल में ही इलाज कराना है। इसके बाद हवाई अड्डे से एक एंबुलेंस मरीज को लेकर साकेत स्थित मैक्स स्मार्ट अस्पताल पहुंची।