कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले एक दिन में 23 नए लोगों में यह वैरिएंट मिला है जिसके बाद दिल्ली में कुल ओमिक्रॉन संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 165 हुई है लेकिन मरीजों में संक्रमण के लक्षण काफी हल्के दिखाई दे रहे हैं।
इस वजह से लोकनायक अस्पताल में अब तक 50 मरीजों को छुट्टी दी जा चुकी है। डॉक्टरों का कहना है कि किसी भी मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत नहीं पड़ी है। मल्टी विटामिन की गोलियां और जरूरत पड़ने पर पैरासिटामॉल देकर ही यह सभी मरीज ठीक हो गए। हालांकि सतर्कता को देखते हुए सभी मरीजों को अपने घरों में क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है।
अकेले लोकनायक अस्पताल की बात करें तो यहां अब तक 70 मरीजों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 50 मरीजों को छुट्टी मिल गई है। फिलहाल 20 मरीज ही अस्पताल में उपचाराधीन हैं। डॉक्टरों ने बताया कि मंगलवार को छह ओमिक्रॉन मरीज को इलाज के बाद छुट्टी दी गई जिसके चलते ठीक होने वालों की कुल संख्या बढ़कर 50 हुई है।
इनमें से किसी मरीज को ऑक्सिजन स्पोर्ट की जरूरत नहीं हुई। डॉक्टरों का कहना है कि कोरोना के अन्य वैरिएंट में भी ऐसा नहीं देखा जाता है कि 50 मरीज में से किसी में ऑक्सिजन की जरूरत नहीं हो। अस्पताल में जो मरीज हैं उन्हें भी ऑक्सिजन की जरूरत नहीं पड़ी है।