आरएमएल अस्पताल में काला रिबन बांधकर प्रदर्शन करती नर्स स्टॉफ। परीक्षित स्टोरी
- फोटो : Ashram
नई दिल्ली। डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) में नर्सिंग कर्मचारियों ने लंबित मांगों के संबंध में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पहले दिन बुधवार को कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अस्पताल प्रबंधन का विरोध जताया। हालांकि, सभी कर्मचारी मरीजों को देख रहे थे। कर्मचारी यूनियन के अनुसार, काफी समय से कर्मचारियों के प्रमोशन नहीं हुए हैं। जबकि, अस्पताल में 98 फीसदी डीएनएस और 75 फीसदी एएनएस के पद खाली है।
आरएमएल अस्पताल के चिकित्सीय निदेशक डॉ. राणा ए के सिंह को दिए पत्र में नर्सों ने कहा कि कोरोना के दौर में उन्हें हड़ताल के लिए मजबूर होना पड़ा है। कई बार बैठक होने के बाद भी अब तक उनकी मांगों पर कोई निष्कर्ष भी नहीं निकला है।
यूनियन के अध्यक्ष संथा शिवराजन ने बताया कि आरएमएल में उच्च पदों पर नर्सों की सीधी भर्ती को लेकर भी विवाद चल रहा है। अस्पताल में डिप्टी नर्सिंग सुप्रिटेंडेंट और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर सीधे ही नर्सों को भर्ती किया जा रहा है। हाल ही में दोनों पदों के लिए अस्पताल ने विज्ञापन भी दिया है, जबकि लंबे समय से काम रही नर्सें प्रमोशन का इंतजार कर रही हैं। इस मामले में देर शाम तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई।