नई दिल्ली। भलस्वा लैंडफिल साइट पर वायु प्रदूषण नियमों की अनदेखी करना उत्तरी नगर निगम को भारी पड़ा है। दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने निगम पर बीस लाख का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया है। साथ ही भविष्य में एमसीडी को टैंकर की संख्या बढ़ाकर सही तरीके से पानी का छिड़काव करने को कहा है।
इससे पहले मंगलवार को गोपाल राय ने भलस्वा डंपिंग साइट्स का मुआयना करने पहुंचे। पर्यावरण मंत्री ने मौके पर दिशा- निर्देशों का उल्लंघन होते देखा। डंपिंग साइट पर पानी का छिड़काव कहीं पर भी नहीं दिखा। इससे बड़ी मात्रा में धूल हवा में घुलकर प्रदूषण बढ़ा रही थी। इस पर उन्होंने सख्त नाराजगी जाहिर की और कहा कि दिल्ली के अंदर बढ़ रहे प्रदूषण के संकट से निपटने के लिए संबंधित विभागों को जो सतर्कता बरतनी चाहिए, उसमें लापरवाही दिख रही है। इसके बाद गोपाल राय ने तत्काल प्रभाव से दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को उत्तरी निगम पर 20 लाख रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। साथ ही एमसीडी को भलस्वा लैंडफिल साइट पर पानी के टैंकर बढ़ाने का निर्देश दिया। इससे नियमित रूप से चारों तरफ ठीक से पानी का छिड़काव होगा और साइट पर धूल नहीं निकलेगी। पर्यावरण मंत्री ने कहा कि दिल्ली के अंदर धूल से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए सरकार एंटी डस्ट अभियान शुरू किया है। इसके तहत सरकार ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं और उसके उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।