कहा-क्लाउड सीडिंग के ट्रायल आईआईटी कानपुर कर रहा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए कृत्रिम बारिश कराने की योजना पर सरकार ने फिलहाल कोई समय सीमा बताने से हाथ खड़े कर दिए हैं। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि क्लाउड सीडिंग के ट्रायल आईआईटी कानपुर की ओर से किए जा रहे हैं और यह संस्थान के शोध का हिस्सा है। ट्रायल कब और कैसे किए जा रहे हैं, इसकी जानकारी आईआईटी कानपुर से ही ली जानी चाहिए। अध्ययन पूरा होने और सकारात्मक नतीजे मिलने के बाद ही सरकार बताएगी कि क्लाउड सीडिंग कब और किस तरह कराई जाएगी।
पर्यावरण मंत्री ने बुधवार को कहा कि क्लाउड सीडिंग का अध्ययन लगातार जारी है। इसमें कई विमान इस्तेमाल किए जा रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में विमानों की संख्या का जिक्र करते हुए कहा कि कानपुर में भी कई विमान हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि दिल्ली में अब तक कितने ट्रायल हुए हैं और उनके क्या नतीजे सामने आए हैं। मंत्री के मुताबिक, अध्ययन पूरा होने के बाद ही कृत्रिम बारिश कराने की योजना और उसकी संभावित तारीख के बारे में जानकारी दी जाएगी। प्रदूषण के स्तर में आई गिरावट पर मंत्री ने तेज हवा को राहत की बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर दिवाली के बाद दिल्ली का एक्यूआई काफी बढ़ जाता है, लेकिन इस बार तेज हवा से प्रदूषण कम हुआ है।