बुधवार के लिए मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट फीका साबित हुआ। सुबह के समय ही कुछ देर के लिए बदरा बरस कर रह गए। हालांकि, बादल छाए रहने से दिनभर मौसम सुहाना बना रहा। अगले 24 घंटे में भी दिल्ली में हल्की से मध्यम स्तर तक की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए बहुत तेज बारिश की संभावना जताई थी। ऐसे में देर रात से ही बादलों ने डेरा डाल लिया था और सुबह सूरज दिखने के बजाए बादलों के पीछे रहा। तेज हवाओं के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इसके बाद बारिश का सिलसिला आगे नहीं बढ़ सका। वहीं, दिनभर बादल और सूरज की आंख मिचौली के कारण सुहावने मौसम से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो कम 31.8 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक अधिक 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में हवा में नमी का स्तर 66 से 89 फीसदी तक रहा। सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर शाम साढ़े पांच बजे तक सबसे अधिक बारिश गुरुग्राम में 12 मिमी दर्ज की गई है।
विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में भी दिल्ली में मानसून सक्रिय रह सकता है। अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। इसके बाद 25 और 26 सितंबर को तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में अभी तक सितंबर में 407 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।