फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ranikhet Express: चलती ट्रेन में चाकू लहराकर आरपीएफ की हिरासत से छुड़ाया बदमाश, पुलिस कर रही तलाश

Sun, 12 Jun 2022 04:49 AM IST
Jeet Kumar अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।

सार

सिपाही मनोज ने एक बदमाश को पकड़ लिया, लेकिन उसने सिपाही को धक्का देकर गिरा दिया और भाग गया। दोनों अन्य बदमाश भी भाग गए।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में झपटमारी करते पकड़े गए बदमाश को उसके साथी चलती ट्रेन में चाकू लहराकर आरपीएफ की हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए। इस दौरान भाग रहे बदमाशों का पीछा करने पर आरपीएफ का एक जवान मनोज गिरकर घायल हो गया। दिल्ली कैंट रेलवे थाना पुलिस मामला दर्ज कर फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है। 

विज्ञापन


घटना जैसलमेर से काठगोदाम जाने वाली ट्रेन रानीखेत एक्सप्रेस में हुई। गत बुधवार को एएसआई चंद्रकांत व सिपाही मनोज ट्रेन में तैनात थे। रेवाड़ी से दिल्ली की ओर ट्रेन आ रही थी। रात पौने नौ बजे जखीरा पुल पहुंचने पर ट्रेन की रफ्तार धीमी हो गई। इस दौरान दोनों जवान टार्च से ट्रेन के दोनों तरफ देख रहे थे। सिपाही मनोज ने एक बदमाश को ट्रेन के स्लीपर कोच में चढ़कर एक यात्री का मोबाइल झपटकर भागते देखा।

सिपाही मनोज तुरंत ट्रेन से उतरा और पीछा कर उस बदमाश को पकड़ लिया। उसके पास से मोबाइल मिल गया। एएसआई चंद्रकांत ने ट्रेन रुकवा दी। इसके बाद सिपाही मनोज बदमाश को पकड़कर ट्रेन में तैनात गार्ड के पास लेकर पहुंचा। बदमाश के पकड़ में आने के बाद ट्रेन वहां से रवाना हुई, तभी दो बदमाश गार्ड की लॉबी में पहुंचे और चाकू लहराते हुए अपने साथी को छोड़ने की धमकी देने लगे।
विज्ञापन


दोनों जवान बदमाशों को पकड़ने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने चाकू लहराते हुए अपने साथी के साथ चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। बदमाशों को भागते देख दोनों जवान चलती ट्रेन से कूदे और बदमाशों का पीछा करने लगे।

सिपाही मनोज ने एक बदमाश को पकड़ लिया, लेकिन उसने सिपाही को धक्का देकर गिरा दिया और भाग गया। दोनों अन्य बदमाश भी भाग गए। गिरने से मनोज घायल हो गया। उसके हाथ और पैर में चोट लगी। घटना की जानकारी जीआरपी थाना पुलिस को दी गई। छानबीन के दौरान मौके से पुलिस को एक चाकू मिला। पुलिस मामला दर्ज कर वारदात में शामिल बदमाशों की तलाश कर रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें