दिल्ली में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश को लेकर पूर्वानुमान जता दिया है। गर्मी से बेहाल लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार से पांच दिनों के बीच बारिश हो सकती है। इसकी वजह से दिल्ली एनसीआर के तापमान में गिरवाट आएगी। मौसम विभाग ने गुरुवार को पूर्वानुमान जारी करते हुए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। 4 से 6 अगस्त के बीच दिल्ली और आस पास के इलाकों में बदला जमकर बरसेंगे।
फरीदाबाद का मौसम
फरीदाबाद। दो दिन तेज गर्मी के बाद बुधवार शाम को मौसम ने करवट बदली। आधे घंटे हुई तेज बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं सड़कों पर पानी भर गया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अजरौंदा चौक, बाटा चौक, बल्लभगढ़ चौक और डबुआ क्षेत्र हुई। इस दौरान अधिकतम 36 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। निगम के मुख्य अभियंता ओमवीर सिंह ने बताया कि बारिश के दौरान जलभराव से निपटने के लिए विभाग के सभी डिस्पोजल पूरी तरह चालू अवस्था में है। कुछ देर में सड़कों से पानी निकल जाएगा।
गुरुग्राम का मौसम
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। तीन से पांच अगस्त तक कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। भारी बारिश और गरज के साथ बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी किया है। बुधवार शाम से ही आसमान में बादल और हवाओं का चलना शुरू हो गया है।
गुरुग्राम में टूटा 30 साल का रिकॉर्ड
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार से रविवार तक आसमान में बादल छाए रहेंगे, कुछ स्थानों पर हल्की और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इस साल जून-जुलाई के महीने में गुरुग्राम में औसत बारिश के मामले में पिछले 30 साल का रिकॉर्ड टूटा है। गुरुग्राम में जून में 30 वर्षों की औसत बारिश के मुकाबले 82.5 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। जुलाई में भी पिछले 30 वर्षों के मुकाबले 6.85 प्रतिशत बारिश अधिक हुई है।
गुरुग्राम में इतनी मिमी हुई बारिश
कृषि एवं मौसम विज्ञान केंद्र शिकोहपुर के वैज्ञानिक डॉक्टर मंजीत ने बताया कि इस साल गुरुग्राम में जून माह में बारिश 239.5 मिमी हुई है, जो पिछले 30 वर्षों की औसत वर्षा से 82.5 प्रतिशत अधिक है। जुलाई महीने में मानसून के हरियाणा में आगमन के साथ जुलाई में बारिश 165.0 मिमी दर्ज की गई, जो पिछले 30 वर्षों की औसत वर्षा से 6.85 प्रतिशत अधिक है। औसत समुद्र तल पर मानसून ट्रफ का पश्चिमी छोर हिमालय की तलहटी के करीब चलता है और पूर्वी छोर अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में स्थित है।
हरियाणा में ऐसा रहेगा 5 अगस्त तक मौसम
मानसून ट्रफ का पश्चिमी छोर तीन अगस्त से दक्षिण की ओर स्थानांतरित होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के द्वारा भारी वर्षा छिटपुट स्थानों पर और हल्की/मध्यम वर्षा ज्यदातर स्थानों में 3, 4 और 5 अगस्त को उत्तरी हरियाणा और कुछ स्थानों पर दक्षिण हरियाणा में होने की संभावना है। मौसम विभाग के द्वारा गुरुग्राम के लिए तीन और पांच अगस्त को भारी वर्षा और गरज-चमक का येलो अलर्ट जारी किया है।