कोहरे की वजह से उत्तर रेलवे की 24 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं। साथ ही, अब निर्माण कार्य की वजह से कई रेल खंड पर ट्रैफिक ब्लॉक लेने का निर्णय रेलवे ने लिया है। इस वजह से अगले सप्ताह भी यात्रियों की परेशानी बनी रहेगी।
रेलवे ने बिलासपुर मंडल के रूपौंद-झलवाडा के बीच तीसरी लाइन को जोड़ने की योजना के तहत ट्रैफिक ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। इस वजह से ट्रेन संख्या 12550 जम्मूतवी-दुर्ग एक्सप्रेस 3 व 10 फरवरी को निरस्त रहेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 22867 दुर्ग-निजामुद्दीन एक्सप्रेस 1, 4 व 8 फरवरी को निरस्त रहेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 22868 निजामुद्दीन-दुर्ग एक्सप्रेस 2, 5 व 9 फरवरी को निरस्त रहेगी।
इसके अलावा भी ट्रैफिक ब्लॉक की वजह से कई ट्रेनें निरस्त की गई है। इनमें मुख्य रूप से ट्रेन संख्या 22806 आनंद विहार टर्मिनल-भुवनेश्वर साप्ताहिक एक्सप्रेस 7,14,21 व 28 फरवरी को निरस्त रहेगी। ट्रेन संख्या संख्या 22168 निजामुद्दीन-सिंगरौली एक्सप्रेस 31 जनवरी से 14 फरवरी के बीच निरस्त रहेगी।
ट्रेन संख्या 12782 निजामुद्दीन-मैसूर परिवर्तित मार्ग से 31 जनवरी को चलेगी। इसी तरह 6 फरवरी से 28 फरवरी के बीच ट्रेन संख्या 12816 आनंद विहार टर्मिनल-पुरी एक्सप्रेस को बरास्ता प्रयागराज-प्रयागराज रामबाग-पंडित दीनदयाल उपाध्याय चलेगी। यह ट्रेन इस दौरान मिर्जापुर स्टेशन पर नहीं ठहरेगी। ट्रेन संख्या 12303/12304 नई दिल्ली-हावड़ा-नई दिल्ली एक्सप्रेस को बरास्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय-जंघई-प्रयाग-प्रयागराज के रास्ते चलेगी।