सागरपुर इलाके में एक सिरफिरे ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर एक महिला की हत्या कर दी। महिला खुद को बचाने के लिए गली में भागते हुए एक घर में घुस गई। वहां रहने वाले कबाड़ी ने अपने भाई की मदद से महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। मृतका की शिनाख्त सागरपुर निवासी आरती के रूप में हुई है।
मृतका के परिवार में पति और दो बच्चे हैं। वहीं, आरोपी की पहचान इसी इलाके में रहने वाले भैरव के रूप में हुई है। मृतका और आरोपी पहले आस पास के घरों में रहते थे। बाद में आरती अपने परिवार के साथ दूसरी जगह पर किराए के मकान में रहने लगी थी। बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे आरती अपने बच्चे के साथ घर जा रही थी।
इसी दौरान आशोक पार्क के पास भैरव ने आरती को रोक लिया और उससे बातचीत करने के बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरती खुद को बचाने के लिए गली में दौड़ी और राधेश्याम कबाड़ी के घर में घुस गई।
राधेश्याम महिला को लहूलुहान देखकर भाई की मदद से स्कूटी से पास के अस्पताल में ले गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि भैरव ने कई शादियां कर रखी हैं, लेकिन अपनी किसी पत्नी के साथ नहीं रहता है।
पुलिस को आशंका है कि एक तरफा प्यार में आरोपी ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इसके लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
संगम विहार में युवक ने की दोस्त की हत्या
संगम विहार में 1000 रुपये के मोबाइल के लिए युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर दी। उसने ईंट से दोस्त के सिर पर कई वार कर घटना को अंजाम दिया। इसके बाद फरार हो गया। संगम विहार पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार मूलरूप से शाहजहांपुर, यूपी का रहने वाला रामसेवक(35) गली नंबर-नौ, जी-ब्लाक संगम विहार में किराए पर रहता था। रामसेवक प्राइवेट नौकरी करता था। उसके पास करीब 20 दिनों से उसका दोस्त रहने आया हुआ था। उससे किसी तरह दोस्त का मोबाइल खो गया था। वह उससे मोबाइल मांग रहा था।