आरोपी को खोज रही पुलिस की एक टीम प्रयागराज गई, जहां पता चला कि उसके मोबाइल का इस्तेमाल एक साधु कर रहा था। पुलिस ने साधु का फोटो लिया, जिसका हुलिया आरोपी से मिल रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मां के दोस्त के बेटे की हत्या कर फरार आरोपी को अमन विहार थाना पुलिस ने मध्य प्रदेश के रीवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए साधु के भेष में एक पहाड़ पर बने मंदिर में नाम बदलकर पूजा पाठ कर रहा था। पुलिस उसके इस्तेमाल किए गए मोबाइल से उस तक पहुंची और दबोच लिया। आरोपी ने खुलासा किया कि मृतक उसकी मां पर बुरी नियत रखता था। इस वजह से उसने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी।
विज्ञापन
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त प्रणव तायल ने बताया कि आरोपी की पहचान किराड़ी निवासी राहुल (28) के रूप में हुई है। गत तीन मई को किराड़ी में रहने वाली सुरेश ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे राहुल ने एक युवक को चाकू मार दिया है। युवक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अगस्त 2021 में उसकी मौत हो गई।
मृतक की शिनाख्त विकास के रूप में हुई, जो सुरेश के पुरुष मित्र का बेटा था और एक साल से महिला के साथ ही रहता था। पुलिस ने आरोपी के रिश्तेदारों, परिजन व दोस्त से पूछताछ की और उनके मोबाइल के सीडीआर को खंगाला। जांच के दौरान पता चला कि राहुल दो मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रहा था, जिसे बाद में बंद कर दिया।
विज्ञापन
इन मोबाइल नंबरों की लोकेशन हरियाणा, यूपी और एमपी में आ रही थी। पुलिस की एक टीम प्रयागराज गई, जहां पता चला कि मोबाइल का इस्तेमाल एक साधु कर रहा था। पुलिस ने साधु का फोटो लिया, जिसका हुलिया राहुल से मिल रहा था। प्रयागराज में उसकी तलाश के दौरान कई लोगों से पूछताछ में पता चला कि वह रीवा में किसी मंदिर में रहता है। पुलिस वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। वह करण गिरी महाराज के नाम से हुलिया बदलकर रह रहा था।