ईस्ट पटलेनगर इलाके में रविवार को अज्ञात बदमाश एक कारोबारी के घर में घुसकर घरेलू सहायिका की बेरहमी से हत्या करके लॉकर से लाखों की जूलरी और नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को भी बुलवाया गया। मृतका के सिर में चोट के गहरे जख्म मिले हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। पुलिस को सोमवार दोपहर तक आरोपियों के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा था।
डीसीपी जसमीत सिंह के मुताबिक ईस्ट पटेल नगर में कारोबारी प्रीतपाल सिंह परिवार के साथ रहते हैं। वह पत्नी व परिवार के अन्य लोगों के साथ लंच करने के लिए राजौरी गार्डन के होटल में गए थे। ऐसे में पीछे नौकरानी सरिता (35) घर में अकेली थी। हालांकि उस वक्त घर में दो इलेक्ट्रिशयन काम कर रहे थे। शाम करीब साढे़ पांच बजे मकान मालिक के घर आने पर घटना का खुलासा हुआ।
घरेलू सहायिक का खून से लथपथ शव देखकर वह हतप्रभ रह गए। कमरे में देखा लाकर खुला पड़ा और जूलरी व नकदी गायब थी। घर में सामान भी बिखरा पड़ा था। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को इलेक्ट्रिशयन पर शक है, जो घटना के बाद से फरार हैं। दोनों ही कारोबारी के परिचित हैं। पुलिस शक के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।