छठ पर्व पर पूर्वांचल जाने वालों की भीड़ दिल्ली के स्टेशनों पर उमड़ पड़ी है। आरक्षित यात्रा टिकट नहीं मिलने पर भी वेटिंग टिकट लेकर यात्री स्टेशन पर पहुंच रहे हैं। ललक है तो सिर्फ एक बार ट्रेन में बैठकर किसी तरह अपने-अपने घर पहुंचने की। पूरे उत्साह व छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले सामान को लेकर दिल्ली से रवाना होने का मन बना कर सैकड़ों लोग स्टेशन परिसर पहुंच रहे है।
दीपावली के बाद अब स्टेशनों पर भीड़ इतनी उमड़ रही है कि रेलवे के तमाम इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेन चलाने के बावजूद यात्रियों को आरक्षित बर्थ नहीं मिल पा रही है। नियम के विपरित वेटिंग टिकट पर ही यात्रा करने की मजबूरी है। जबकि रेलवे ने अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 94 त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है जो 610 फेरे लगाएंगी। इस तरह से रेलवे ने करीब पांच लाख अतिरिक्त बर्थ व सीट इस साल उपलब्ध कराया है। इसके अलावा स्पेशल ट्रेन में 128 अतिरिक्त डिब्बे लगाए गए हैं जो 640 फेरे लगाएंगे। जिससे 51 हजार सीट उपलब्ध कराई गई है।
रेलवे अधिकारी इंतजामों का जायजा लिया
भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे अधिकारी स्टेशनों पर इंतजाम का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों की तैनाती की ही गई है साथ ही उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल खुद प्रबंधन में जुटे हैं। गंगल दिल्ली रेल मंडल प्रबंधक डिम्पी गर्ग के साथ आनंद विहार टर्मिनल पर इंतजामों का निरीक्षण किया और यात्रियों से बातचीत भी की। गंगल ने बताया कि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो इसके लिए स्टेशन परिसर में इंतजाम किया गया है। ट्रेन के रनिंग स्टाफ को भी बेहतर व्यवहार के साथ सुरक्षित सफर कराने का निर्देश दिया गया है। बड़ी संख्या में ट्रेन चलाई जा रही है। पांच लाख अतिरिक्त बर्थ के साथ ट्रेन चल रही है।
भीड़ प्रबंधन के इंतजाम
. मिनी कंट्रोल रूम: रेलवे स्टेशन पर मिनी कंट्रोल रूम बनाया गया है। परिचालन, वाणिज्य, यांत्रिक, इंजीनियरिंग, बिजली, रेल सुरक्षा बल एवं रेल चिकित्सकों को तैनात किया गया है। मिनी कंटोल रूम में टेलीफोन, रेल सूचना, पैनल रूम कनेक्टिविटी, प्लेटफार्मों और सर्कुलेटिंग एरिया की सीसीटीवी की सुविधा है। विशेष ड्यूटी अधिकारियों को तैनात किया गया है।
. अतिरिक्त यात्री प्रतीक्षा क्षेत्र और सुविधाएं: आनंद विहार टर्मिनल पर 8160 वर्ग फुट के सर्कुलेटिंग एरिया में 454 यात्रियों की क्षमता वाले टेंटों की व्यवस्था की गई है। 20 मोबाइल शौचालय, टेंट एरिया के सामने पानी के अतिरिक्त 20 नल, एक पूछताछ काउंटर के साथ 7 रेल आरक्षण काउंटर, रेल सूचना के लिए बड़े आकार के एलसीडी स्क्रीन और जन उदघोषणा प्रणाली, भोजन और नाश्ते के 2 स्टॉल लगे हैं।
. रेल सुरक्षा बल का एक हेल्प डेस्क काउंटर: रेलवे स्टेशन चिकित्सा सुविधाएं, चौबीसों घंटे डॉक्टरों की तैनाती, स्टेशनों पर पैरा-मेडिकल स्टाफ, पर्याप्त स्ट्रेचर और व्हील चेयर के साथ प्राथमिक चिकित्सा चौकियों का प्रावधान किया गया है।
. अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती: भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की मदद करने के लिए अतिरिक्त वाणिज्य, रेल सुरक्षा बल, रेल सुरक्षा विशेष बल, राजकीय रेल पुलिस, सिविल डिफेंस और स्काउट एंड गाइड के लोगों की मदद ली जा रही है।
. बरती जा रही अन्य सावधानियां: ट्रेन का प्लेटफॉर्म एक बार तय हो जाने के बाद नहीं बदला जाएगा। प्रस्थान समय से 30 मिनट पहले प्लेटफॉर्मों पर ट्रेन लगाया जा रहा है। स्वचालित सीढ़ियों के पास कर्मचारियों की तैनाती की गई है। एक अलग व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए नियमित निगरानी की जा रही है।