शराब घोटाले में दो आरोपियों की जमानत आदेश को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं। आप ने राउज एवेन्यू कोर्ट के आदेश को भाजपा और सीबीआई-ईडी के गठजोड़ के लिए झटका बताया। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा, साफ हो गया है कि दिल्ली में कोई शराब घोटाला नहीं हुआ, न सीबीआई-ईडी के पास कोई सबूत है।
आतिशी ने मंत्री सौरभ भारद्वाज व प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, राजेश जोशी और गौतम मल्होत्रा को कोर्ट ने जमानत दे दी है। कोर्ट ने घोटाले के आरोप को मनगढ़ंत बताया है। ईडी ने चार्जशीट में सिर्फ 30 करोड़ रुपये की घूस की बात कही है। आदेश से साफ है कि सीबीआई-ईडी के पास एक रुपये के भ्रष्टाचार का सबूत नहीं है।
गलत तरह से पेश कर रहे आदेश चले अवमानना का केस : लेखी
आप के दावे पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कोर्ट के जमानत आदेश को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया। साथ ही, आप नेताओं के खिलाफ अदालत की अवमानना का मामला चलाने की मांग की। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा, दिल्ली की आप सरकार घोटालों से भरी है। आप नेता कोर्ट के जमानत आदेश पर झूठ फैलाकर गुमराह कर रहे हैं।
जमानत आदेश को ऐसे पेश कर रहे हैं, जैसे कोर्ट ने फैसला ही सुना दिया है। लेखी ने कहा, दोनों आरोपियों में से किसी को भी आरोपमुक्त या बरी नहीं किया है। आप नेताओं ने कोर्ट के आदेश के एक हिस्से को पढ़ा है। उस हिस्से का जिक्र ही नहीं किया है, जिसमें कोर्ट ने साफ किया है कि उसकी टिप्पणी का मामले की योग्यता से कुछ लेनादेना नहीं है।