नई दिल्ली। राजपथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर विशेष तैयारियां की गई हैं। सुबह 9:50 बजे विजय चौक से परेड शुरू होगी, जो 3.3 किलोमीटर की दूरी तय कर नेशनल स्टेडियम तक जाएगी। पहले यह परेड 8.3 किलोमीटर की दूरी तय कर लालकिले तक जाती थी। हालांकि, झांकी विजय चौक से शुरू होकर लालकिले तक ही जाएंगी। इसलिए विजय चौक से लालकिले तक मार्ग बंद रहेंगे। नेशनल वार मेमोरियल पर माल्यार्पण समारोह सुबह नौ बजे शुरू होगा। किसानों की ट्रैक्टर रैली दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में शुरू जाएगी। इसलिए रूट और ट्रैफिक देखकर ही घरों से बाहर निकलें।
संयुुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) मनीष अग्रवाल ने बताया कि परेड व झांकियों के अलग-अलग रूट हैं। परेड विजय चौक से शुरू होकर राजपथ पर अमर जवान ज्योति, इंडिया गेट, प्रिंसेस प्लेस गोलचक्कर, तिलक मार्ग रेडियल रोड से लेफ्ट टर्न, सी-हेक्सागॉन राइट टर्न और लेफ्ट टर्न लेकर नेशनल स्टेडियम के गेट नंबर एक पर खत्म होगी। झांकी राजपथ पर अमर जवान ज्योति, इंडिया गेट, प्रिंसेस प्लेस गोलचक्कर, लेफ्ट टर्न लेकर तिलक लेन, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग होकर लालकिले तक जाएंगी।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
सोमवार शाम छह बजे से 26 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल खत्म होने तक विजय चौक पर ट्रैफिक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आज रात 11 बजे से मंगलवार को परेड खत्म होने तक राजपथ इंटरसेक्शंस (क्रॉस) रफी मार्ग, जनपथ, मानसिंह रोड पर ट्रैफिक बंद रहेगा। इंडिया गेट सी-हेक्सागॉन कल सुबह पांच बजे से लेकर झांकी गुजरने तक बंद रहेगा। तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, सुभाष मार्ग भी मंगलवार तड़के चार बजे से झांकी गुजरने तक बंद रहेगा। इन मार्गों पर क्रॉस ट्रैफिक की अनुमति नहीं होगी। यातायात पुलिस ने सलाह दी है कि घरों से निकलने से पहले रूट की जांच कर लें। विजय चौक से लालकिले तक तड़के चार से दोपहर 12.30 बजे तक ट्रैफिक बंद रहेगा।
उत्तर से दक्षिण ऐसे जाएं
उत्तर से दक्षिण की ओर जाने के लिए लोग रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, आईपी फ्लाईओवर, राजपथ व रिंग रोड होकर जाएं। मदरसा, लोदी रोड टी पाइंट, अरविंदो मार्ग, एम्स चौक, रिंग रोड, धौला कुंआ, वंदे मातरम मार्ग, शंकर रोड, शेख मुजीबुर्रहमान रोड, मंदिर मार्ग होकर आवागमन कर सकते हैं।
पूर्व से पश्चिम की ओर ऐसे जाएं
पूर्व से पश्चिम की ओर रिंग रोड, भैरो रोड, मथुरा रोड, लोदी रोड, अरविंदो मार्ग, एम्स चौक, रिंग रोड, धौला कुंआ, वंदे मातरम मार्ग, शंकर रोड और मंदिर मार्ग होकर आवागमन कर सकते हैं। रिंग रोड, बुलेवर्ड रोड, बर्फ खाना चौक, रानी झांसी फ्लाईओवर, फैज रोड, वंदे मातरम मार्ग और शंकर रोड गोलचक्कर होकर भी आ-जा सकते हैं।
ऐसे जाएं नई दिल्ली रेलवे स्टेशन
साउथ से नई दिल्ली जाने वाले लोग धौला कुंआ, वंदे मातरम मार्ग, पंचकुईया रोड, आउटर सर्किल कनॉट प्लेस, चेम्सफोर्ड रोड होकर पहाड़गंज साइड नई दिल्ली रेलवे स्टेशन व मिंटो रोड होकर अजमेरी गेट की ओर से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जा सकते हैं। पूर्वी दिल्ली से लोग बुलेवर्ड रोड, रानी झांसी फ्लाईओवर, झंडेवाला, डीबी गुप्ता रोड, शीला सिनेमा रोड होकर जा सकते हैं।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए ये हैं रूट
दक्षिण दिल्ली से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, रिंग रोड, आश्रम चौक, राजघाट, रिंग रोड, चौक यमुना बाजार, एसपी मुखर्जी मार्ग, छाता रेल, कोडिया पुल होकर जा सकते हैं।
सिटी बसें यहां तक जाएंगीं
26 जनवरी को सिटी बसें शिवाजी स्टेडियम, आईएसबीटी-सराय काले खां, कमला मार्केट गोलचक्कर, दिल्ली सचिवालय, प्रगति मैदान-भैरो रोड, हनुमान मंदिर-यमुना बाजार, मोरी गेट और आईएसबीटी-कश्मीरी गेट पर खत्म हो जाएंगीं।
इंटर स्टेट बसें यहां तक जाएंगीं
गाजियाबाद से आकर शिवाजी स्टेडियम जाने वाली बसें एनएच-9 लेकर भैरो मार्ग पर खत्म हो जाएंगी। गाजियाबाद से आकर मोहन नगर जाने वाली बसें भोपुरा चुंगी होकर वजीराबाद ब्रिज जाएंगी। धौला कुंआ की तरफ आने वाली बसें धौला कुंआ पर खत्म हो जाएंगीं।
दो मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे
मंगलवार सुबह पांच से दोपहर 12 बजे तक केन्द्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक व आईटीओ मेट्रो स्टेशनों में सुबह 8:45 से दोपहर 12 बजे तक प्रवेश व निकास बंद रहेगा।
सैनिटाइजर और मेडिकल टीम होंगी तैनात
26 जनवरी की परेड के दौरान हर एंक्लोजर में तापमान मापने वाले थर्मामीटर, दस्ताने, मास्क, सैनिटाइजर और मेडिकल टीम तैनात की जाएंगी। यदि किसी दर्शक को जरूरत होती है तो तत्काल उसे उपचार दिया जाएगा।
टैक्सी और ऑटो नहीं चलेंगे
मंगलवार सुबह सात बजे परेड/झांकी खत्म होने तक ऑटो व टैक्सी को कई मार्गों पर जाने की अनुमति नहीं होगी। ये मार्ग हैं- मदर टेरेसा क्रेसेंट, बाबा खड़क सिंह मार्ग, अशोक रोड से पटेल चौक गोलचक्कर तक, संसद मार्ग- टॉलस्टॉय मार्ग से केजी मार्ग तक, केजी मार्ग से फिरोजशाह रोड तक, फिरोजशाह रोड पर मंडी हाउस से भगवानदास रोड तक, मथुरा रोड, एसबी भारती मार्ग, हुमायूं रोड, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, कमल अटातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग और सरदार पटेल मार्ग।