दिल्ली के टॉप-10 बदमाशों की सूची में शुमार व मकाको के आरोपी ने सरेंडर किया या उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था! इस मुद्दे पर पुलिस व वकीलों के बीच मंगलवार को कोर्ट में तीखी बहस देखने को मिली। इस आरोपी का नाम कड़कड़डूमा फायरिंग मामले की जांच में भी सामने आया था।
पुलिस का कहना है कि मकोका के आरोपी जमाल उर्फ रांझा को गिरफ्तार किया गया है जबकि आरोपी व उसके वकीलों का दावा है कि उसने खुद सोमवार, 20 जून को सीलमपुर थाने में सरेंडर किया था। कोर्ट ने बचाव पक्ष की अर्जी पर सुनवाई के बाद थाना सीलमपुर एसएचओ को संबंधित अदालत में 1 जुलाई को रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
बता दें कि पुलिस ने जमाल को 2013 में मकोका मामले में आरोपी बनाया था। उसके अलावा वह हत्या व हत्या की कोशिश मामले में भी आरोपी था। इसके अलावा दिसंबर 2015 में कड़कड़डूमा कोर्ट रूम में फायरिंग मामले की जांच में भी जमाल का नाम सामने आया था। इन सभी मामलों में जमाल लंबे समय से फरार चल रहा था।