दिल्ली कैंट थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली कैंट इलाके में बदमाशों ने एक फैक्टरी मालिक की कार से लाखों रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की पहचान प्रदीप खन्ना के रूप में हुई है। वह घटना के समय कार पंचर होने के बाद मैकेनिक के आने का इंतजार कर रहा था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिये बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
प्रदीप खन्ना सपरिवार ग्रेटर कैलाश पार्ट 2 में रहते हैं। उनकी नारायणा औद्योगिक क्षेत्र में पंखा बनाने की फैक्टरी है। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 13 मार्च की रात 9.30 बजे वह अपनी कार से घर के लिए रवाना हुए। वह खुद कार चला रहे थे। कार की पिछली सीट पर उनका घरेलू सहायक नितेश टोपो बैठा हुआ था। पिछली सीट पर एक बैग में उन्होंने 8.15 लाख रुपये रखे थे। दिल्ली कैंट इलाके में पहुंचते ही उन्हें लगा कि कार का पहिया पंचर हो गया है। उन्होंने कार को साइड कर इसकी जांच की। दूसरी तरफ का पिछला पहिया पंचर हो गया था। वह कार को कुछ आगे पेट्रोल पंप के पास ले गए और अपने घरेलू सहायक को पेट्रोल पंप से मैकेनिक को लेकर आने के लिए कहा। घरेलू सहायक के जाने के बाद वह कुछ देर ड्राइविंग सीट पर बैठे रहे और फिर लघुशंका के लिए सड़क की दूसरी तरफ चले गए। वहां से वापस आने पर वह कार में बैठ गए। इसी दौरान देखा कि पिछली सीट पर रखा बैग गायब है। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पीड़ित ने बताया कि लघुशंका करने के दौरान उन्होंने स्कूटी सवार दो युवकों को अपनी कार के पास से गुजरते देखा था। पुलिस ने उनकी शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। आशंका है कि ठक-ठक गैंग के बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ऐसे गैंग के बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।