नई दिल्ली। एनजीटी के निर्देश पर पूर्वी दिल्ली निगम क्षेत्र की कृष्णा मार्केट (लाल क्वार्टर मार्केट) में सात से ग्यारह अक्तूबर तक वाहनों की आवाजाही सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक बंद रहेगी। ईपीसीए के निर्देश पर यह पहल राजधानी की तीन प्रमुख मार्केट को प्रदूषण, जाम से मुक्त बनाने और पैदल चलने वालों की सहूलियत के लिए की जा रही है। इसके अध्ययन के बाद इसे
अमलीजामा पहनाया जाएगा ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
पूर्वी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र स्थित कृष्ण नगर लाल क्वार्टर मार्केट इस दौरान वाहन मुक्त रहेंगे। छाची बिल्डिंग से गोंडली चौक तक 1.25 किलोमीटर के दायरे की पैदल यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाया जाएगा। वाहनों की आवाजाही बंद होने पर न तो जाम और न ही प्रदूषण की समस्या से लोगों को जूझना पड़ेगा। इसी क्षेत्र में मंदिर मार्ग पर भी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी। पूर्वी निगम ने इस परियोजना को स्थानीय आरडब्ल्यूए और मार्केट एसोसिएशन के साथ तालमेल कर तैयार किया है।
निगम आयुक्त डॉ. दिलराज कौर ने कहा कि इस योजना के तहत लाल क्वार्टर मार्केट को वाहन मुक्त कर पैदल चलने वालों के लिए सुविधायुक्त बनाया जाएगा। यह पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में पहली वाहनमुक्त और पैदल चलने वालों के लिए अनुकूल मार्केट होगी। सहायक आयुक्त और प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी अमन राजपूत ने कहा कि परियोजना को सफलतापूर्वक लागू करने से पार्किंग की समस्या का भी समाधान हो सकेगा।
मार्केट के वाहनों के रिहायशी क्षेत्र में प्रवेश पर पाबंदी
ईपीसीए के निर्देश पर दक्षिणी दिल्ली के लाजपत नगर मार्केट के साथ के रिहायशी क्षेत्र को पैदल चलने वालों की सहूलियत के लिहाज से तैयार किया जा रहा है। शुक्रवार को आरडब्ल्यूए ने इस मामले में अपनी सहमति जता दी है। इसके तहत वाहनों की सुविधाजनक पार्किंग के लिए आरएफआईडी प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा। रिहायशी क्षेत्रों में मार्केट के वाहनों को प्रवेश की इजाजत नहीं होगी।