पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है। इस टीम का सहयोग करने के लिए कुछ और टीमों व पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। एक टीम पीड़ितों के बयान दर्ज कर रही है, जबकि दूसरी टीमें अन्य काम कर रही हैं। एक टीम को मौके से फोरेंसिक जांच के लिए नमूने एकत्र करने में लगाया गया है।
छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप की चल रही जांच
इसके अलावा वसंत कुंज (नॉर्थ) थाना पुलिस दोनों पक्षों के छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप की जांच कर रही है। अभी तक की जांच में 30 से ज्यादा व्हाट्सएप ग्रुप की पहचान हो चुकी है। पुलिस व्हाट्सएप की इसलिए जांच कर रही है कि छात्रों ने तरह-तरह के मैसेज भेजे थे या फिर व्हाट्सएप ग्रुप में किस तरह के वीडियो चले थे। ऐसा तो नहीं है कि व्हाट्सएप ग्रुप पर चले वीडियो के चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया हो। पुलिस व्हाट्सएप पर विवादित बयान व वीडियो जारी करने वाले आरोपी छात्रों की पहचान करने में जुटी है।